logo

  • 04
    05:53 pm
  • 05:53 pm
news-details
भारत

Important-role-of-urban-body-in-building-a-developed-nation:-Om-Birla

विकसित राष्ट्र निर्माण में शहरी निकाय की अहम भूमिका: ओम बिरला

-लोकसभा अध्यक्ष ने किया प्रथम दो दिवसीय शहरी निकाय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ

धर्मेंद्र कौशिक/प्रधान संपादक

अभिनव इंडिया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में शहरी निकाय की अहम भूमिका है। शहरी निकाय जन प्रतिनिधियों को नवाचार पद्धति, सशक्त मार्गदर्शन व व्यवहार कुशलता के साथ विकसित भारत के विजन 2047 को सामने रख अपना दायित्व निभाना होगा। लोकसभा अध्यक्ष वीरवार को मानेसर स्थित आईकैट-2 परिसर सभागार में संवैधानिक लोकतंत्र को सुदृढ़ करने और राष्ट्र निर्माण में शहरी स्थानीय निकायों की भूमिका विषय पर आयोजित प्रथम दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से आए जनप्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल लोकसभा सचिवालय के महासचिव उत्पल कुमार सिंह भी शामिल रहे।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि शहरी निकाय जनप्रतिनिधि सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कदम बढ़ाएं तो वे निश्चित तौर पर शहरी क्षेत्र में ऊर्जावान बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश को नई दिशा देने में राष्ट्र की सबसे छोटी इकाई के रूप में कार्य कर रही शहरी निकाय मजबूती से अब आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शहरी स्थानीय निकायों की अतुलनीय भूमिका है जहां जनप्रतिनिधि जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं को सुनते हुए उनका समाधान सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोकसभा, विधानसभा के साथ ही शहरी व पंचायती संस्थाएं आमजन से जुड़ाव का सशक्त माध्यम बनती हैं। जनहित के लिए लोकसभा व विधानसभा जहां नए कानून बनाती है और उनके क्रियान्वयन में कार्यपालिका की सक्रिय सहभागिता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र का मजबूत स्तम्भ है। लोकतंत्र को जड़ों तक पहुंचाने में नगरीय निकायों की भूमिका सबसे अहम है।

विकसित भारत के विजन को साकार करने की राह दिखाएगा सम्मेलन: नायब सिंह सैनी

इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने की राह दिखाएगा। इस सम्मेलन में हम सब अपने लोकतंत्र को मजबूत करने तथा राष्ट्र निर्माण में शहरी स्थानीय निकायों की भूमिका पर विचार मंथन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-विकसित हरियाणा, विकसित नगरों से ही बनेगा। इसलिए, हमने हरियाणा में विजन-2047 के तहत एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और 50 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि साइबर सिटी गुरुग्राम शहरी विकास का एक मॉडल है। इसके साथ लगते 180 किलोमीटर लंबे के.एम.पी. कॉरिडोर के साथ पंच ग्राम योजना के तहत ऐसे ही 5 अति आधुनिक शहर बसाने की परियोजना पर काम कर रहे हैं। यह योजना वर्ष 2050 तक 75 लाख जनसंख्या के लिए बनाई गई है।

शहरी निकायों के लिए मार्गदर्शक बनेगा राष्ट्रीय सम्मेलन: हरविन्द्र कल्याण

वहीं हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन विभिन्न राज्यों द्वारा अपनाई गई विकास की अच्छी प्रक्रियाओं के प्रसार में शहरी निकायों के लिए मार्गदर्शक बनेगा। यह दो दिवसीय सम्मेलन शहरी स्थानीय निकायों, पंचायती राज संस्थाओं, महिलाओं और युवाओं को समर्पित है। सम्मेलन में संवाद और चर्चा के माध्यम से जो अच्छी प्रक्रियाएं और नवाचार सामने आएंगे, उन्हें जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में लागू करेंगे। हरियाणा की धरती पर मिले अनुभवों को देशभर में प्रसारित किया जाएगा।

शहरी निकाय सरकार का जनता से सीधा सरोकार:  विपुल गोयल

शहरी निकाय अध्यक्षों के राष्ट्रीय सम्मेलन में हरियाणा सरकार के शहरी निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि शहरी स्थानीय निकाय नागरिक सेवा एवं नागरिक संपर्क की प्रथम एवं अहम कड़ी है। उन्होंने कहा कि शहरी निकाय वह सरकार है जिनका जनता से सीधा सरोकार है। लोकतंत्र की सबसे छोटी नहीं बल्कि सबसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील इकाई हैं।

You can share this post!

Comments

Leave Comments