प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल का नजीबाबाद आगमन पर जोरदार स्वागत
नजीबाबाद। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल का नजीबाबाद पहुंचने पर व्यापारियों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में उन्होंने व्यापारियों के हित में संगठन द्वारा किए गए प्रयासों और सरकार की ओर से लागू की गई विभिन्न योजनाओं एवं राहतों की जानकारी दी।
बनवारी लाल कंछल ने कहा कि पिछले छह वर्षों के दौरान संगठन ने व्यापारियों की कई मांगें सरकार के समक्ष उठाईं, जिनमें से अनेक मांगों को स्वीकार कर लागू किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में देश के जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये के दुर्घटना बीमा और व्यापारी पेंशन से संबंधित कानून बनाए गए। इसके अलावा वर्ष 2025 के बजट में आयकर छूट की सीमा तीन लाख रुपये से बढ़ाकर 12 लाख रुपये कर दी गई।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए टीडीएस की सीमा 50 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये की गई है। प्रॉपर्टी गेन टैक्स को 20 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत किया गया है। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा छोटी-छोटी त्रुटियों पर व्यापारियों को जेल भेजने संबंधी प्रावधानों को समाप्त किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ का गठन भी किया गया है। आयकर रिटर्न फाइलिंग की समय-सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर चार वर्ष कर दी गई है तथा छोटे उद्योगों को क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
बैठक के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने अपनी समस्याएं प्रांतीय अध्यक्ष के समक्ष रखीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हर स्तर पर प्रयास करेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नजर खां ने की, जबकि संचालन प्रदीप डेजी ने किया। इस अवसर पर प्रांतीय मंत्री शिवकुमार माहेश्वरी, युवा जिला अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल एडवोकेट, शहजाद अहमद, साबिर खान, शहबाज खां, प्रदीप पाल, सुधीर अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, नूर मोहम्मद, राजीव गुप्ता, मोहम्मद सलीम, योगेंद्र अग्रवाल, मोहम्मद अख्तर और मुनीर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
Comments
Leave Comments