logo

  • 23
    03:36 am
  • 03:36 am
news-details
क्राइम

Notices-issued-to-two-DCPs-over-security-lapse-in-CM's-convoy-several-police-personnel-including-an-SHO-suspended.

सीएम काफिले में सुरक्षा चूक पर दो डीसीपी को नोटिस, एसएचओ समेत 18 पुलिसकर्मी सस्पेंड
गुड़गांव। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुरुग्राम दौरे के दौरान उनके काफिले के सामने प्रदर्शनकारियों के पहुंचने और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान के मामले में गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर शिबास कविराज ने कड़ा एक्शन लिया है। सुरक्षा चूक की जिम्मेदारी तय करते हुए क्राइम व वेस्ट जोन के दो डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं सिविल लाइंस थाना प्रभारी, सिक्योरिटी इंचार्ज समेत 18 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय के आदेश के अनुसार, निलंबित पुलिसकर्मियों में सिविल लाइंस थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर बिजेंद्र कुमार, वेस्ट जोन के सिक्योरिटी इंचार्ज एएसआई अमित और विभिन्न रैंक के 16 अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसके अलावा इंटेलिजेंस विभाग के इंचार्ज समेत छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
कार्रवाई के तहत यह जांच की जा रही है कि मुख्यमंत्री के काफिले की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के बावजूद प्रदर्शनकारी काफिले तक कैसे पहुंच गए और सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर चूक हुई। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि वीआईपी सुरक्षा में लापरवाही, आपसी समन्वय की कमी अथवा ड्यूटी में शिथिलता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद उनका काफिला जॉन हॉल से राजीव चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी अचानक सडक़ पर आ गए और काफिले के सामने पहुंचकर रास्ता रोकने का प्रयास किया। सुरक्षा कारणों से काफिले को अपना मार्ग बदलकर आगे निकालना पड़ा। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई भी हुई थी। मामले में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट और वीआईपी सुरक्षा में व्यवधान पैदा करने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
इसी बीच पुलिस कमिश्नर ने शनिवार को थाना स्तर पर भी बदलाव किया है। सेक्टर-50 थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर सुखबीर को सिविल लाइंस थाने का नया एसएचओ नियुक्त किया गया है, जबकि इंस्पेक्टर इंदु बाला को सेक्टर-50 थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि वीआईपी सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा गुरुग्राम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा में चूक के प्रत्येक मामले में जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

You can share this post!

Comments

Leave Comments