बसपा नेता की हत्या करने का आरोपी गैंगस्टर वैनकेट गर्ग जार्जिया से डिपोर्ट
-34 वारदातों में शामिल है गैंगस्टर
गुड़गांव। हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में शामिल वैनकेट गर्ग को जॉर्जिया से डिपोर्ट किया है। वैनकेट गर्ग का नाम अंबाला में बसपा नेता हरबिलास रज्जूमाजरा मर्डर में सामने आया था। उसने खुद इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर धमकी भी दी थी कि सब्र रखो, सबका हिसाब होगा।
एसटीएफ के डीआईजी सतीश बालन ने पत्रकारों से बातचीत में जानकारी दी कि वैनकेट गर्ग के गैंग में करीब 53 सदस्य है और यह गैंग अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला एवं चंडीगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध वसूली, अवैध हथियार सहित अन्य वारदातों में शामिल रहे हैं। वैनकेट गर्ग को अदालत से भगोड़ा घोषित किया गया था। जिसके खिलाफ हरियाणा एवं चंडीगढ़ में 34 मुकदमें दर्ज हैं। जब तक वैनकेट भारत में था तब तक उस पर 23 मुकदमें थे। विदेश भागने के बाद भी उसने अपने सहयोगियों के माध्यम से अपने नेटवर्क को संचालित रखा और हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी जैसी करीब 11 वारदातों को अंजाम दिया।
बसपा नेता की हत्या सहित अन्य वारदातों को दिया अंजाम:
सतीश बालन ने बताया कि अंबाला के नारायणगढ़ में बहुचर्चित बीएसपी नेता हरबिलास की हत्या तथा अंबाला एवं यमुनानगर जिलों में रंगदारी से संबंधित कई फायरिंग की घटनाओं को भी वैनकेट ने अंजाम दिया है। जांच के दौरान सामने आया कि वैनकेट गर्ग 10 दिसंबर 2024 को दिल्ली एयरपोर्ट से यूएई भाग गया था तथा बाद में 26 जनवरी 2025 को जॉर्जिया पहुंच गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उसने सेक्टर-67 के पिरामिंड अर्बन होम्स सोसाइटी के एक फ्लैट के एड्रसे पर अपना पासपोर्ट बनवाया था। इस संबंध में नारायणगढ़ थाने में आपराधिक मामला दर्ज किया गया।
एलओसी जारी कराने के बाद जारी कराया रेड कॉर्नर नोटिस:
एसटीएफ की सिफारिश पर 4 फरवरी 2025 को वैनकेट का पासपोर्ट रद्द कर दिया गया। उसके गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ ने लुक आउट सर्कुलर जारी करवाने के साथ ही इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया। इसके साथ ही उसे भगोड़ा अपराधी घोषित करवाने के साथ ही न्यायालय से ओपन डेटेड गिरफ्तारी वारंट जारी करवाया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जॉर्जिया में पुलिस प्रशासन से संपर्क कर उसे डिपोर्ट कराया गया।
गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग से भी रहा संबंध:
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि वैनकेट गर्ग का संबंधित गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग से भी रहा है। उस पर विदेश में बैठकर रंगदारी मांगने, अवैध वसूली करने सहित कई अन्य मामले दर्ज थे। वह सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को अपने गैंग में शामिल कर रहा था। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर भारत के कई राज्यों में उसने युवाओं को अपने गैंग के साथ जोडक़र आपराधिक गतिविधियों को बढ़ा दिया था। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि आरोपी वैनकेट गर्ग की गिरफ्तारी से कई वारदातों को सुलझाने में सफलता मिलेगी। उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और आरोपी के साथियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
जॉर्जिया और कजाकिस्तान सरकार का जताया आभार:
एसटीएफ ने जॉर्जिया सरकार और वहां की न्यायिक व कानून प्रवर्तन एजेंसियों का भी आभार जताया। उनके सहयोग से ही भगोड़े का प्रत्यर्पण संभव हुआ। साथ ही कजाकिस्तान सरकार का भी आभार जताया। जिसने अपने क्षेत्र से आरोपी के ट्रांजिट की सुविधा देकर ऑपरेशन को सुचारू रूप से पूरा करने में मदद की।
Comments
Leave Comments