logo

  • 21
    10:26 pm
  • 10:26 pm
news-details
राजनीति

Congress-shows-black-flags-to-CM's-convoy-in-Gurugram,-chants-'Go-Back'-slogans.

गुरुग्राम में सीएम के काफिले को कांग्रेस ने दिखाए काले झंडे, ‘गो बैकके लगाए नारे

गुड़गांव शहर में जलभराव, टूटी सड़कों और अन्य नागरिक समस्याओं को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुरुग्राम दौरे का जोरदार विरोध किया। ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष वर्धन यादव और शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइंस क्षेत्र में मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाए और गो बैकके नारे लगाकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को गुरुग्राम में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक और गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में युवा उद्यमियों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान सिविल लाइंस में जान हाल के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काफिले के रास्ते में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के काफिले को रोकने का प्रयास भी किया।

कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि गुरुग्राम में बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव की समस्या बनी हुई है। कई सड़कें जर्जर हालत में हैं और आम लोग रोजाना परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उनका कहना था कि सरकार के मंत्री और अधिकारी लगातार दौरे कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।

मुख्यमंत्री के काफिले के पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लहराने शुरू कर दिए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने काफिले को सुरक्षित तरीके से आगे निकाला।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम के साथ-साथ शहर की वास्तविक समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने जलभराव, खराब सड़कों और अन्य अव्यवस्थाओं का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

 

You can share this post!

Comments

Leave Comments