अभिनव इंडिया/अजय शर्मा
गुरुग्राम। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीवर जाम की समस्याआें का सामना क्षेत्रवासियों को करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों द्वारा शिकायतें करने के बावजूद भी नगर निगम प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रैंग रही है। इसी क्रम में शहर के शक्ति पार्क क्षेत्र में रॉकफोर्ड स्कूल के निकट गली में सीवर जाम हो जाने से सीवर का गंदा पानी गलियों में भरा हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि क्षेत्र के निगम पार्षद से लेकर प्रशासन तक शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान होता दिखाई नहीं दे रहा है। लोगों को सीवर के गंदे पानी से ही निकलकर आना-जाना पड़ रहा है। सबसे अधिक समस्या का सामना तो स्कूली बच्चों को करना पड़ता है, जो इस गंदे पानी से निकलते हुए कई बार गिरकर चोटिल भी हो गए हैं। गंदे पानी के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने का भय भी क्षेत्रवासियों को सताने लगा है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें मजबूर होकर आंदोलन करने के लिए सडक़ों पर उतरना पड़ेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी निगम प्रशासन की ही होगी।
Comments
Leave Comments